फ्रांस में विरोध प्रदर्शनों के बीच राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने विदेशी नेताओं, खासकर अमेरिका पर राजनीतिक लाभ उठाने का आरोप लगाया है. उन्होंने ट्रंप के बयानों की आलोचना की और सभी विदेशी नेताओं को सलाह दी कि वो फ्रांस का इस्तेमाल अपनी राजनीतिक फायदे के लिए न करें.
फ्रांस में हो रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच देश के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का एक बयान सामने आया है. उन्होंने फ्रांस में हो रहे विरोध प्रदर्शनों का राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश करने वाले विदेशी नेताओं पर हमला बोला है. उन्होंने खासतौर पर अमेरिका पर फ्रांस की हालात का फायदा उठाने का आरोप लगाया है.
फ्रांस में आसमान छूती महंगाई के खिलाफ चल रहे प्रदर्शनों ने कई जगहों पर हिंसक रूप ले लिया है, जिसके चलते देश के कई शहरों में तोड़फोड़ और लूटपाट के मामले सामने आए हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि इस अशांति के लिए मुस्लिम प्रवासी जिम्मेदार हैं.
ट्रंप ने सोशल मीडिया और अपने बयानों के जरिए मैक्रों को नसीहत दी थी कि ‘इससे पहले कि बहुत देर हो जाए, अपनी सीमाएं बंद करो और स्थिति पर नियंत्रण पालो!’
राष्ट्रपति मैक्रों ने आगे कहा, ‘जब मैं ऐसे नेताओं को देखता हूं जो चुनावी अभियानों के बीच में हैं, चाहे वो इस क्षेत्र के हों या अटलांटिक के उस पार के और जो कई बार अनजाने में ही एआई-जेनरेटेड कंटेंट को दोहराते हैं या फ्रांस के बारे में फैलाए जा रहे झूठे नैरेटिव को बढ़ावा देते हैं, तो साफ है कि वो अपने राजनीतिक फायदों के लिए हमारे देश का इस्तेमाल कर रहे हैं. हमें इस सबकी बिल्कुल जरूरत नहीं है.’

