Oasis News
मनोरंजन

विजय से क्या जलते हैं रजनीकांत? हर सवाल का प्रेस कॉन्फ़्रेंस में ख़ुद दिया जवाब

फ़िल्म सुपरस्टार रजनीकांत ने तमिलनाडु के नए सीएम सी. जोसेफ़ विजय से प्रतिस्पर्द्धा की बात से इनकार किया है.

उन्होंने कहा है कि विजय को तमिलनाडु का सीएम बनने से रोकने के लिए डीएमके और एआईएडीएमके की कथित बातचीत में वो शामिल नहीं थे. उन्होंने कहा कि इस बारे में आ रही ख़बरों से उन्हें गहरी चोट पहुंची है.

तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन से मुलाक़ात को लेकर किए गए सवालों पर उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री से उनकी “दोस्ती राजनीति से परे है” उन्हें विजय से “न तो जलन है और न ही वो उनके राजनीतिक विरोधी हैं.”

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ़ विजय से अपनी प्रतिस्पर्द्धा की बातें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रजनीकांत ने रविवार को चेन्नई के पॉयस गार्डन स्थित अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ़्रेंस की.

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ रजनीकांत ने पत्रकारों से कहा, ”मैं ये प्रेस कॉन्फ़्रेंस इसलिए कर रहा हूं क्योंकि इस चुनाव के बाद विजय और मेरे रिश्ते को लेकर कई बातें हो रही हैं. अगर मैं इनका खंडन न करूं तो ये बातें सच मानी जाएंगी

उन्होंने कहा, ”चुनाव नतीजों के बाद मैं स्टालिन से मिलने गया. लेकिन लोगों ने मेरे इस क़दम की आलोचना की. दरअसल स्टालिन तीन दशक से मेरे दोस्त रहे हैं. उनकी हार से मैं परेशान था. इसलिए एक दोस्त के तौर पर मैं उनसे मिला था.”

रजनीकांत ने कहा, ”लेकिन इसके बाद जो हुआ उसने मुझे और ज़्यादा परेशान किया. ऐसी ख़बरें आने लगीं कि दोनों पार्टियां (डीएमके-एआईएडीएमके) विजय को मुख्यमंत्री बनने से रोकने के लिए बैठकें कर रही हैं और मैं उनमें शामिल रहा हूं. मैं आपको बता दूं कि रजनीकांत ऐसा शख़्स नहीं है जो इतना नीचे गिर जाए.”

विजय से तुलना मेरे लिए ठीक नहीं’

तमिलनाडु चुनाव में विजय की पार्टी सबसे अधिक सीटें जीतने के बावजूद बहुमत के आंकड़े को पार नहीं कर पाई थी

.इसके बाद बहुमत जुटाने के लिए सप्ताह भर चली कवायद के बीच ऐसी ख़बरें आईं कि विजय को रोकने के लिए डीएमके और एआईएडीएमके हाथ मिला सकती हैं और उनके बीच बातचीत चल रही है, साथ ही दोनों पार्टियों की इन कथित बैठकों में रजनीकांत भी शामिल रहे हैं.

सोशल मीडिया पर चली इसी चर्चा पर रजनीकांत ने सफ़ाई दी. रजनीकांत ने विजय से अपने रिश्तों के बारे में भी बात की.

उन्होंने कहा कि विजय के मुख्यमंत्री बनने पर उनकी प्रतिक्रिया की आलोचना की जा रही है.

उन्होंने कहा, ”ये कहा गया कि मैंने विजय को एयरपोर्ट पर बधाई नहीं दी. लेकिन जैसे ही विजय जीते मैंने तत्काल सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर उन्हें बधाई दी. मैं राजनीति में नहीं हूं. मैं राजनीति छोड़ चुका हूं. जब मैं राजनीति में ही नहीं हूं तो विजय से मुझे भला क्यों ईर्ष्या होगी. अगर मैं खुद की विजय से तुलना करूं तो मेरे लिए ये ठीक नहीं है. अगर विजय मुझसे तुलना करें तो वो उनके लिए ठीक नहीं है. मैं उन्हें तब से देख रहा हूं जब से वो बच्चे थे. उनके सीएम बनने से मुझे क्यों जलन होगी.”

रजनीकांत ने कहा, ”सिर्फ़ 52 साल की उम्र में उन्होंने एमजीआर और एनटीआर से भी ज़्यादा सफलता हासिल कर ली है. फ़िल्म इंडस्ट्री से आकर उन्होंने बीजेपी समेत सभी ताक़तवर राजनीतिक दलों को अपने दम पर हराया है. मुझे जलन नहीं हुई. मुझे उनकी जीत पर अचंभा हुआ. मैं उनकी जीत को लेकर खुश हुआ. लोगों को विजय से काफी उम्मीदें हैं और मुझे उम्मीद है कि वो इन्हें पूरा करेंगे.”

विजय के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल न होने के बारे में पूछे जाने पर रजनीकांत ने कहा कि वो इससे पहले कभी किसी मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं हुए हैं.

 

Related posts

E- News Paper- 2

oasisadmin

Bhoot Bangla Box Office: वीकडे पर बदला भूत बंगला की कमाई का समीकरण, हॉरर कॉमेडी की कमाई ने अचानक पकड़ी रफ्तार

oasisadmin

E- News Paper- 3

oasisadmin

Leave a Comment