Oasis News
खेल जगत

धोनी के IPL रिटायरमेंट की अटकलें तेज, क्या आज फेयरवेल मैच खेलेंगे माही? अश्विन के बयान से मची हलचल

IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) 2026 में अब तक एक भी मुकाबला नहीं खेलने वाले महेंद्र सिंह धोनी काफी सुर्खियों में हैं. चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच सोमवार (18 मई) को चेपॉक में होने वाला मुकाबला अब सिर्फ प्लेऑफ की लड़ाई नहीं रह गया है, बल्कि यह पूरी तरह धोनी की वापसी के इर्द-गिर्द घूमने लगा है. फैन्स के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या आज चेन्नई के मैदान पर ‘कैप्टन कूल’ एक बार फिर पीली जर्सी में नजर आएंगे?

सीजन शुरू होने से पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने बताया था कि एमएस धोनी काफ स्ट्रेन (पिंडली की मांसपेशियों में खिंचाव) से जूझ रहे हैं और शुरुआती मुकाबले नहीं खेल पाएंगे, लेकिन धीरे-धीरे यह इंतजार लंबा होता चला गया. मामला सिर्फ बल्लेबाजी तक सीमित नहीं था. धोनी की दौड़ने की क्षमता, विकेटकीपिंग मूवमेंट और मैच फिटनेस को लेकर टीम बेहद सतर्क रही

चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाजी कोच माइकल हसी ने पहले ही साफ कर दिया था कि धोनी नेट्स में अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं. लेकिन असली चिंता उनकी रनिंग और फिटनेस को लेकर थी. वहीं हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया था कि टीम ने उन्हें जल्दी वापसी कराने की कोशिश की थी, लेकिन वॉर्म अप मैच में उनकी चोट फिर उभर आई.

अश्विन ने धोनी को लेकर क्या कहा?

अब टीम इंडिया के पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के एक बयान ने पूरे क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है. अपने यूट्यूब चैनल पर अश्विन ने कहा, ‘मुझे लगता है कि सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ धोनी के खेलने की अच्छी संभावना है. जहां तक मैंने सुना है, वह पिछले 2-3 मैचों से खेलने के लिए तैयार थे.’ इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर #DhoniReturn ट्रेंड करने लगा और फैन्स की उम्मीदें फिर से जाग गईं.

इस मुकाबले को खास बनाने वाली सबसे बड़ी बात धोनी का पुराना बयान है. 2021 के सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स की खिताबी जीत के बाद धोनी ने कहा था, ‘उम्मीद है कि मेरा आखिरी टी20 मैच चेन्नई में होगा.’ अब लगभग पांच साल बाद चेन्नई में सीएसके का आखिरी लीग मैच खेला जा रहा है और धोनी पूरे सीजन मैदान से दूर रहे हैं. इसी वजह से फैन्स इस मुकाबले को संभावित फेयरवेल मैच की तरह देख रहे हैं, भले ही धोनी ने रिटायरमेंट को लेकर कुछ नहीं कहा हो.

अगर एमएस धोनी सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैदान पर उतरते हैं, तो सीएसके को उनकी भूमिका बेहद सावधानी से तय करनी होगी. वह विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में खेल सकते हैं, लेकिन फिटनेस को देखते हुए उन्हें सिर्फ फिनिशर या ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ की भूमिका में भी इस्तेमाल किया जा सकता है.

एमएस धोनी की मौजूदगी सिर्फ बल्लेबाजी नहीं, बल्कि टीम के आत्मविश्वास पर भी बड़ा असर डालती है. सीएसके अभी भी प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है. ऐसे में यह मुकाबला सिर्फ भावनाओं का नहीं, बल्कि टीम के लिए ‘करो या मरो’ जैसा भी है. अगर धोनी मैदान पर उतरते हैं, तो चेपॉक का माहौल पूरी तरह बदल सकता है.

Related posts

PAK दौरा छोड़कर लौटेगी श्रीलंकाई टीम! इस्लामाबाद आतंकी हमले के बाद खौफ में खिलाड़ी

oasisadmin

गौतम गंभीर की जगह वीवीएस लक्ष्मण बनेंगे टेस्ट टीम के हेड कोच? अफवाहों पर BCCI ने तोड़ी चुप्पी

oasisadmin

IPL 2026 में ‘डोसा-इडली-सांभर-चटनी’ गाने पर बवाल, CSK भड़की, BCCI से की श‍िकायत

oasisadmin

Leave a Comment