Oasis News
लेटेस्ट न्यूज

Tejas Fighter Jet Crashed: कौन हैं दुबई एयर शो में जान गंवाने वाले विंग कमांडर नमन? पत्नी भी वायुसेना में

दुबई एयर शो में शुक्रवार को आयोजित उड़ान प्रदर्शन के दौरान भारतीय तेजस लड़ाकू विमान हादसे का शिकार हो गया। वायु सेना ने बयान जारी कर बताया कि इस हादसे में पायलट की भी मौत हो गई है। स्थानीय समय अनुसार दोपहर 2:10 बजे तेजस एम के-1 प्रदर्शन के दौरान डेमो उड़ान भर रहा था, तभी अचानक विमान अनियंत्रित हो गया और नीचे गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान के जमीन से टकराते ही जोरदार धमाका हुआ और कुछ ही पलों में काले धुएं का गुबार हवा में फैल गया। बता दें कि हादसे का शिकार बने पायलट विंग कमांडर नमन स्याल हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के नगरोटा बगवां क्षेत्र से संबंध रखते थे। नमन स्याल 37 वर्ष के थे। उनकी पत्नी भी वायुसेना में हैं।
घटना पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि ‘दुबई एयर शो में हुए तेजस विमान हादसे में हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा ज़िला के वीर सपूत नमन स्याल के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है। देश ने एक बहादुर, कर्तव्यनिष्ठ और साहसी पायलट खो दिया है। शोकाकुल परिवारजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट करता हूं।’
नगरोटा बगवां की पंचायत सेराथाना के वार्ड नंबर सात निवासी नमन स्याल (37) पुत्र जगन्नाथ वर्तमान में कोयंबटूर में तैनात थे। छह दिन से दुबई में आयोजित एक एयर शो में भाग ले रहे थे। फाइटर जेट तेजस के क्रैश होने से नमन स्याल बलिदान हुए हैं। इस दुखद समाचार से प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है।
शहीद नमन स्याल के पिता सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य जगन्नाथ से अमर उजाला से हुई बातचीत में बताया कि नमन भारतीय वायुसेना में गत 16 साल से अपने सेवाएं दे रहे थे। मौजूदा समय में वह कोयंबटूर में सेवारत थे। उन्होंने बताया कि बलिदानी नमन की पत्नी भी भारतीय वायु सेना में कार्यरत हैं और बतौर ग्राउंड ऑफिसर सेवाएं दे रही हैं। पिता ने बताया कि बलिदानी नमन गत 6 दिन से दुबई में एयर शो में भाग ले रहे थे और शुक्रवार को शो का अंतिम दिन था।
उन्होंने बताया कि दुबई में औपचारिकताएं पूरी करके नमन की पार्थिव देह के यहां सोमवार या मंगलवार को पहुंचने की संभावना है। उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव में किया जाएगा। इस दुर्घटना की खबर मिलते ही उनके घर में शोक की लहर फैल गई, और पूरे गांव में चुप्पी सी छा गई। बलिदानी नमन की 10 साल की एक बेटी है, जिसकी आंखों में अब अपने पिता के गर्व और बलिदान की यादें हमेशा रहेंगी।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी पायलट के बलिदान पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि ‘दुबई एयर शो में भारतीय वायुसेना के विमान हादसे में वीरभूमि हिमाचल के जिला कांगड़ा के नगरोटा बगवां के वीर सपूत नमन स्याल का निधन अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। इस हादसे से हमने एक वीर, होनहार और साहसी पायलट खोया है। हमें आपके बलिदान पर गर्व है। समस्त राष्ट्र आपकी सेवाओं का ऋणी है। विनम्र श्रद्धांजलि!’

Related posts

बिहार चुनाव में एक ओर विकास और  ‘विकसित भारत’ का रास्ता है और दूसरी ओर जंगलराज का-श्री राजनाथ सिंह

oasisadmin

बीजेपी मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी के हाइड्रोजन बम का किया ब्लास्ट ?

oasisadmin

बरेली हिंसा के बाद भड़क गया हिंदू युवा जमकर हो रहा वायरल दिमाग देखकर सब हैरान

oasisadmin

Leave a Comment