वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनको ईरान के साथ समझौता करने की कोई हड़बड़ी नहीं है। ट्रंप ने रविवार को कहा कि अमेरिका ने बराक ओबामा के कार्यकाल में ईरान के साथ एक बेहद घटिया डील की थी। ऐसा फिर से नहीं होना चाहिए। ऐसे में मैंने अमेरिकी वार्ताकारों से कहा है कि वह समझौते में जल्दबाजी ना करें। ट्रंप ने इससे पहले कहा था कि अमेरिका-ईरान के बीच समझौता आखिरी चरण में है। उनके ताजा पोस्ट को समझौते के फिलहाल टल जाने की तरह देखा जा रहा है।
डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार शाम को सोशल मीडिया पर अपने पोस्ट में लिखा कि हमारे देश की ओर से अब तक की गई सबसे खराब डील्स में से एक वह डील थी, जो बराक ओबामा प्रशासन के नौसिखिया लोगों ने ईरान से की थी। उनके सामने जो रखा गया, उन्होंने उस पर हस्ताक्षर करके उसे लागू कर दिया। ऐसा दोबारा ना हो, इस पर हमारी नजर है।
डोनाल्ड ट्रंप ने आगे कहा कि बराक ओबामा के समय हुई डील ईरान के लिए परमाणु हथियार बनाने का रास्ता खोल दिया था। अब चीजें अलग हैं क्योंकि ट्रंप प्रशासन की ओर से ईरान के साथ जो बातचीत चल रही है वह अलग है। हम इस बात को लेकर पूरी तरह स्पष्ट हैं कि ईरान के पास परमाणु नहीं होना चाहिए।
ईरान के साथ बातचीत पर डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वार्ता व्यवस्थित और रचनात्मक तरीके से आगे बढ़ रही है। मैंने अपने प्रतिनिधियों को कहा है कि वे डील को लेकर जल्दबाजी ना करें, क्योंकि समय हमारे पक्ष में है। हमने ये भी साफ कर दिया है कि डील पर दस्तखत होने तक होर्मुज स्ट्रेट की नाकेबंदी जारी रहेगी।
डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी कहा है कि वह पश्चिम एशिया के सभी देशों को उनके समर्थन और सहयोग के लिए धन्यवाद देंगे। उन्होंने कहा, ‘ऐतिहासिक अब्राहम समझौते में शामिल देशों के साथ जुड़ने से यह समर्थन और सहयोग ज्यादा मजबूत होगा। हो सकता है कि ईरान भी कभी इस समझौते में शामिल होना चाहे।’

