नितेश तिवारी की ‘रामायणम्’ का ट्रेलर रिलीज होने के बाद से ही लगातार सुर्खियों में हैं। इसे 30 जुलाई को तड़के सुबह 4:15 बजे ब्रह्म मुहूर्त में रिलीज किया गया था। राम बने रणबीर कपूर से लेकर सीता बनीं साई पल्लवी और फिल्म के वीएफएक्स समेत कई सीन्स को लेकर एक वर्ग आलोचना कर रहा है, वहीं कुछ ने तारीफ की है। इस बीच शिवसेना (UBT) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने भी ‘रामायणम्’ के ट्रेलर पर रिएक्ट किया है। उन्होंने कास्टिंग को गलत बताया तो कलाकारों की कॉस्ट्यूम पर भी सवाल उठाए और कहा कि मेकर्स ने एक्टिंग से ज्यादा VFX पर जोर दिया है।
साथ ही प्रियंका चतुर्वेदी ने नितेश तिवारी की ‘रामायणम्’ की तुलना रामानंद सागर की ‘रामायण’ से भी कर डाली, जिसकी छाप 39 साल बाद भी कायम है। प्रियंका ने कहा कि दूरदर्शन वाली ‘रामायण’ से नितेश तिवारी की ‘रामायणम्’ का कोई मैच नहीं है। वह इससे ज्यादा बेहतर है। मेकर्स ने ‘रामायणम्’ को लेकर जो हाइप बनाने की कोशिश की, वह एकदम फुस्स साबित हुआ है।
प्रियंका चतुर्वेदी ने अपने X हैंडल पर लिखा, ‘अब मुझे समझ आया कि उन्होंने ‘रामायणम्’ के प्रोमो को क्यों छिपाकर रखा था। असल में, इसे लेकर जो हाइप बनाने की कोशिश की गई थी, यह उसके लायक बिल्कुल नहीं है। गलत कास्टिंग, एक्टिंग से ज्यादा VFX पर जोर, अजीबोगरीब कॉस्ट्यूम और ऐसा म्यूजिक जो और बेहतर हो सकता था। साफ है कि DD वाली रामायण ही पीढ़ियों तक याद रखी जाएगी।’
अब मुझे समझ आया कि उन्होंने रामायणम् के प्रोमो को क्यों छिपाकर रखा था। असल में, इसे लेकर जो हाइप बनाने की कोशिश की गई थी, यह उसके लायक बिल्कुल नहीं है। गलत कास्टिंग, एक्टिंग से ज्यादा VFX पर जोर, अजीबोगरीब कॉस्ट्यूम और ऐसा म्यूजिक जो और बेहतर हो सकता था। साफ है कि DD वाली रामायण ही पीढ़ियों तक याद रखी जाएगी।

