Oasis News
नेशनललेटेस्ट न्यूज

अभिषेक बनर्जी के साथ मारपीट और फेंके गए अंडे, टीएमसी सांसद के आरोप पर क्या बोली बीजेपी

पश्चिम बंगाल के सोनारपुर में तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी के साथ मारपीट और उन पर अंडे फेंके जाने का मामला सामने आया है.

पुलिस के मुताबिक़, अभिषेक बनर्जी शनिवार को सोनारपुर इलाक़े में चुनाव बाद हुई हिंसा से प्रभावित परिवारों से मिलने पहुंचे थे, तभी उन पर हमला हुआ.

अभिषेक बनर्जी ने इस घटना के लिए बीजेपी को ज़िम्मेदार ठहराया है जबकि राज्य में बीजेपी के नेता और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि ‘पश्चिम बंगाल की जनता में टीएमसी को लेकर आक्रोश है.’

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने टीएमसी की ओर से पोस्ट किए गए हमले का एक वीडियो साझा करते हुए एक्स पर लिखा, “शासक ही हत्यारे बन गए हैं. बीजेपी पर शर्म आती है.”

कोलकाता से निकलने वाले अख़बार द टेलीग्राफ़ के अनुसार, “अभिषेक बनर्जी पर कुछ अज्ञात लोगों ने पत्थर, जूते और अंडे फेंके. कुछ लोगों ने उन्हें मारने-पीटने की भी कोशिश की. इस दौरान भीड़ ‘चोर-चोर’ चिल्ला रही थी.”

सामाचार एजेंसी एएनआई के वीडियो में साफ़ दिखाई दे रहा है कि अभिषेक भीड़ से घिरे हुए हैं और सुरक्षाकर्मी उन्हें बचाने की कोशिश कर रहे हैं.

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के 25 दिन बाद यह तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव का पहला सार्वजनिक कार्यक्रम था.

वह दक्षिण 24 परगना ज़िले के सोनारपुर नगर पालिका के विवेकानंदनगर इलाक़े के वार्ड नंबर 9 में चुनाव के बाद हुई हिंसा के शिकार संजू कर्मकार के परिवार से मिलने गए थे.

शनिवार को ही राज्य की सीआईडी ने अभिषेक बनर्जी को ‘फ़र्जी हस्ताक्षर’ मामले में पूछताछ के लिए समन दिया.

इस घटना पर बीजेपी नेता सुकांत मजूमदार ने एएनआई से कहा, “मैं इस घटना की निंदा करता हूं. मैं लोगों अपील करता हूं कि वो क़ानून को अपने हाथों में न लें. बंगाल की जनता में टीएमसी और अभिषेक बनर्जी के ख़िलाफ़ आक्रोश है. हमें बंगाल में सुधार लाने की ज़रूरत है. हमें बंगाल की राजनीति को हिंसा मुक्त करने की ज़रूरत है. मैं जनता से शांति और क़ानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील करता हूं.”

 

Related posts

विश्व पुस्तक मेला 2026- 10 जनवरी से 18 जनवरी भारत मंडप में

oasisadmin

EVM पर सुप्रीम कोर्ट के वकील बलराज मलिक के बड़े खुलासे | कैसे बनती है BJP की सरकार? | EVM News

oasisadmin

29 November 2025 Delhi News, Breaking News, Delhi Samachar | Delhi CM Rekha Gupta, Parvesh Verma

oasisadmin

Leave a Comment