मध्य पूर्व में एक बार फिर युद्ध की आहट तेज हो गई है. बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ईरान के ड्रोन हमले, होर्मुज में तेल टैंकरों पर हमले और समुद्री बारूदी सुरंगों से जहाजों में आग लगने की खबरों के बीच अमेरिका ने भी ईरान के केशम द्वीप पर हवाई हमला किया है. दूसरी तरफ अमेरिका ने मध्य पूर्व में अपनी नौसैनिक ताकत बढ़ा दी है. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल है कि क्या अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम अब टूटने की कगार पर है या दोनों देश फिर से आमने-सामने आ चुके हैं?
हालात इसलिए भी चिंताजनक हैं, क्योंकि करीब नौ महीने से जारी संघर्ष को खत्म करने के लिए कतर और दूसरे देश कूटनीतिक कोशिशें कर रहे हैं, लेकिन जमीन पर सैन्य गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं.
ईरान अमेरिकी नाकेबंदी और आर्थिक दबाव के खिलाफ आक्रामक रुख अपना रहा है, जबकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने भी सैन्य कार्रवाई तेज करने या दबाव बनाए रखने का विकल्प है. फिलहाल दोनों देशों के बीच स्थिति को ‘न युद्ध, न शांति’ कहा जा रहा है, लेकिन हालिया घटनाएं इस संतुलन के बिगड़ने के पांच बड़े संकेत दे रही हैं
.ईरान ने मंगलवार को बहरीन में अमेरिकी सैन्य रडार सिस्टम को निशाना बनाकर ड्रोन हमले किए. पिछले कुछ दिनों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर यह उसका तीसरा हमला बताया जा रहा है. बहरीन में अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े का मुख्यालय है, इसलिए यहां होने वाली किसी भी सैन्य कार्रवाई का रणनीतिक महत्व काफी अधिक है.
बहरीन ने हमले के बाद अलर्ट जारी किया और कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने ईरान के ड्रोन हमलों को सफलतापूर्वक रोक दिया. अमेरिकी सेना ने भी स्पष्ट किया कि हमले में अमेरिकी सैन्य उपकरणों को नुकसान नहीं पहुंचा और न ही कोई अमेरिकी सैनिक घायल हुआ.

