PM Modi G7 Summit Live Updates: फ्रांस के एवियन-लेस-बैंस में 52वें G7 शिखर सम्मेलन की शुरुआत से ठीक पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने दुनिया के कई बड़े नेताओं से मुलाकात की. पीएम मोदी ने इस बातचीत की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए लिखा कि नेताओं के साथ विचारों का आदान-प्रदान करना हमेशा शानदार रहता है. इन सबके बीच सबकी नजरें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ उनकी मुलाकात पर टिकी रहीं, जहां दोनों नेताओं ने करीब 16 महीने बाद आमने-सामने आकर से हाथ मिलाया. फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन के न्योते पर पहुंचे पीएम मोदी आज समिट की कई अहम बैठकों में शामिल होंगे, जबकि बुधवार को ट्रंप के साथ उनकी द्विपक्षीय बैठक होगी.
समिट के बीच पीएम मोदी का आज का कार्यक्रम काफी व्यस्त रहने वाला है. वे आज तीन देशों के नेताओं के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठक करेंगे. जहां वे कई अहम बैठकों में शामिल होंगे और तीन देशों के नेताओं के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बातचीत भी करेंगे.
भारतीय समयानुसार शाम 6:15 बजे फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन पीएम मोदी का आधिकारिक स्वागत करेंगे. खास बात यह है कि G7 देशों के बाद आमंत्रित साझेदार देशों में भारत पहला देश होगा, जिसका स्वागत राष्ट्रपति मैक्रॉन खुद करेंगे. इसके बाद शाम 6:45 बजे से रात 8:45 बजे तक पीएम मोदी G7 देशों, साझेदार देशों, वर्ल्ड बैंक और अफ्रीकी विकास बैंक की वर्किंग मीटिंग में हिस्सा लेंगे. इस बैठक में नई वैश्विक साझेदारी बनाने और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा होगी. फिर रात 8:50 बजे से 9:15 बजे तक पीएम मोदी कनाडा के प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे. इसके बाद रात 9:25 बजे से 9:50 बजे तक ब्रिटेन के प्रधानमंत्री के साथ मुलाकात तय है. वहीं, रात 10:05 बजे से 10:30 बजे तक संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति के साथ अहम बैठक होगी.
इसके बाद फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रॉन की तरफ से आयोजित गाला डिनर में पीएम मोदी शामिल होंगे. भारतीय समयानुसार यह डिनर रात 12 बजे यानी 16 और 17 जून की मध्यरात्रि में शुरू होगा.
इस बार G7 समिट में आर्थिक चुनौतियां, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, वैश्विक तनाव और टिकाऊ विकास जैसे मुद्दों पर चर्चा होनी है. ऐसे में भारत की भागीदारी पर भी सबकी नजर बनी हुई है.

