इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का आगाज शनिवार (28 मार्च) को हो रहा है. लेकिन IPL के शुरू होने से ठीक पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बड़ा और भावुक फैसला लिया है. इस बार टूर्नामेंट की ओपनिंग सेरेमनी नहीं होगी. सेरेमनी ना करने का फैसला बड़ा माना जा रहा है.
ध्यान रहे 28 मार्च को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल के 19वें सीजन का पहला मुकाबला सनराइर्ज हैदराबाद (SRH) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच होना है. लेकिन इस बार इस बार मैच से पहले ओपनिंग सेरेमनी का तड़का नहीं लगेगा. इसकी वजह पिछले साल 4 जून 2025 को इसी स्टेडियम के बाहर भगदड़ में 11 लोगों की मौत है. तब RCB की टीम की विक्ट्री परेड के दौरान अचानक हालात बेकाबू हो गए थे कई लोग घायल भी हुए थे.
इस बार आईपीएल का आगाज भले सादगी के साथ होगा, लेकिन अंत में भव्य समापन की तैयारी हो सकती है. ध्यान रहे आईपीएल का आगाज 28 मार्च से हो रहा है और अभी केवल 20 मैचों का ही शेड्यूल जारी किया गया है. यानी 12 अप्रैल तक होने वाले मुकाबलों का ही शेड्यूल अभी जारी किया गया है.
चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर 4 जून को क्या हुआ था?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में RCB (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) की टीम पहली बार चैम्पियन बनी थी. उसने तब 3 जून को पंजाब किंग्स (PBKS) को 6 रनों से हराया. इस जीत के ठीक एक दिन बाद बेंगलुरु में विक्ट्री परेड का आयोजन किया गया था, पहले यह ओपन बस में होनी थी, लेकिन फिर ऐसा नहीं हुआ. बाद में विक्ट्री परेड से पहले एक हादसा हुआ, जहां 11 लोगों की मौत हुई और कई घायल हुए. इस मामले में बाद में RCB मैनेजमेंट, कर्नाटक क्रिकेट राज्य संघ (KSCA), भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने पल्ला झाड़ लिया. बाद में 5 जून हाईकोर्ट को भी इस मामले में दखल देना पड़ा और 10 जून तक पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी.

