फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ का नया और मजेदार गाना ‘दीवाने हैं’ रिलीज हो चुका है, जिसमें अक्षय कुमार और रवीना की जोड़ी को देखकर लोग पुरानी यादों में खो गए हैं। इस गाने को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस और आनंद राज आनंद ने गाया है।
अक्षय कुमार स्टारर फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ अब बहुत जल्द सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। ‘वेलकम’ फ्रेंचाइजी की इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही उस्ताह बना हुआ था। हाल ही में रिलीज ट्रेलर के बाद से लोगों की बेचैनी फिल्म को लेकर और बढ़ गई है। अब फिल्म रिलीज से 8 दिन पहले मेकर्स ने इसका एक और धमाकेदार ट्रैक ‘दीवाने हैं’ रिलीज कर दिया गया है, जिसमें तमाम सितारों के बीच रवीना और अक्षय की जोड़ी ने लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींच लिया है।
बता दें कि ये गाना महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस और आनंद राज आनंद ने गाया है। माना जा रहा है कि ये गाना दर्शकों के दिलों में बसी पुरानी यादों को फिर से तरोताजा कर देगा। कश्मीरी लोक गीत ‘रक्षिदा रक्षिदा’ के शानदार मेल से सजे इस जोशीले गाने में अक्षय कुमार के साथ रवीना टंडन, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस की जोड़ी दिख रही है।
इस गाने पर लोगों के रिएक्शंस भी सामने आ रहे हैं। एक ने कहा है- ये तो पता नहीं लेकिन घिस घिस गाना थिएटर में धूम मचाएगा। एक यूजर ने कहा- अब रीमेक गाने का रोना बंद होना चाहिए, क्या जबरदस्त ओरिजिनल गाना है। एक और ने कहा- ये चार्टबस्टर गाना है। एक अन्य यूजर ने कहा- इस गाने को केवल अक्की और रवीना पर फिल्माना चाहिए था। एक यूजर ने कहा- 90 के दशक की फीलिंग आ रही है इस गाने में सभी किरदार बेहतरीन हैं। एक अन्य फैन ने कहा- बहुत समय बाद हम असली गाना सुन रहे हैं, आनंद राज आनंद ने कमाल कर दिया। एक और यूजर ने कहा- आनंद राज आनंद ने हमें 90 के दशक और 2000 के दशक में अनगिनत यादें दीं, बॉलीवुड के सबसे कम आंके जाने वाले हिटमेकर की आखिरकार वापसी हो गई है, इस गाने और इस वापसी को वह सारी सफलता मिले जिसके वे हकदार हैं।

